परसिया में सड़क आंदोलन का ऐलान कच्ची,खराब,बदहाल सड़क को नवीन पक्की सड़क बनवाओ

Yash Painkra
3 Min Read

03 सितंबर से अटल चौक पर अनिश्चितकालीन धरना और भूख हड़ताल, पोस्टर जारी।

भारत सम्मान न्यूज/भैयाथान/फिरोज खान। ग्राम पंचायत परसिया में अटल चौक से सुपामाड़ा तक बदहाल सड़क को लेकर जन आक्रोश चरम पर है। ग्रामीणों ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। समस्त ग्रामवासियों की ओर से जारी पोस्टर में कहा गया है – ग्राम पंचायत परसिया की जनता की एक ही मांग, कच्ची, खराब, बदहाल सड़क को नवीन पक्की सड़क बनवाओ!”

पोस्टर पर नारा दिया गया है – शिक्षित बनो! संगठित रहो! संघर्ष करो! और हमारा हक, हमारी सड़क ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि जब तक सड़क समस्या का समाधान नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा।

03 सितंबर से भूख हड़ताल।

ग्रामीणों के अनुसार दिनांक 03 सितंबर 2026 से स्थान अटल चौक, ग्राम पंचायत परसिया में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन एवं भूख हड़ताल प्रारंभ होगा। इसकी अनुमति के लिए अनुविभागीय अधिकारी भैयाथान को दिनांक 01.09.2026 को ज्ञापन सौंपा गया है, जिस पर प्राप्ति की मुहर भी लग चुकी है। ज्ञापन की प्रतिलिपि मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ और थाना प्रभारी भैयाथान को भेजी गई है।

ज्ञापन में लिखा है कि सड़क की अत्यंत खराब स्थिति से बारिश में आवागमन बंद हो जाता है। विद्यार्थियों, बुजुर्गों, महिलाओं और मरीजों को भारी परेशानी होती है। कई बार आवेदन के बाद भी समाधान नहीं हुआ।

वायरल वीडियो में छलका दर्द।

समाज सेविका नेहा सिंह के वायरल वीडियो ने इस मुद्दे को और हवा दी है। वीडियो में नेहा ग्रामीणों के साथ कीचड़ में चलकर कह रही हैं – “यह छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के ग्राम परसिया का रोड है, खेत टाइप का है। डिलीवरी या तबीयत खराब होने पर गाड़ी नहीं आ पाती, खाट पर ले जाना पड़ता है। बताइए कितनी गंदी स्थिति है।”_

नेहा ने कहा कि यह भटगांव विधानसभा है, जहां से विधायक लक्ष्मी राजवाड़े मंत्री हैं और पूर्व विधायक पारसनाथ राजवाड़े भी रहे हैं। परसिया में ज्यादातर राजवाड़े समाज के लोग रहते हैं, समाज की मंत्री होने के बावजूद अनदेखी हो रही है।

ग्रामीणों की मांग है – नवीन पक्की सड़क का निर्माण, बारिश में कीचड़ व जलभराव से मुक्ति, बच्चों, बीमारों और जरूरतमंदों को सुविधा और किसानों के विकास का मार्ग प्रशस्त किया जाये, और जब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाते तब तक यह आन्दोलन जारी रहेगा, नेहा सिंह एवं ग्रामीणों के यह जन आन्दोलन ने नेताओं और अधिकारियों के नींदें हराम कर दिया है,इस संबंध में कई बार नेता और अधिकारियों को अवगत कराया गया पर कोई सुनने को तैयार नहीं है,अंत में ग्रामीणों ने बैठक कर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से धरना प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। यदि जायज मांग पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामवासी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करेंगे।

Share This Article