VVM परीक्षा को लेकर 85 विज्ञान शिक्षकों का विकासखंड स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न

Yash Painkra
3 Min Read

विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण,जिज्ञासा एवं तार्किक क्षमता विकसित करने पर दिया जोर।

कुसमी। जिला शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में मंगलवार को विकासखंड कुसमी में VVM (Vidyarthi Vigyan Manthan) परीक्षा से संबंधित एक दिवसीय विकासखंड स्तरीय प्रशिक्षण का सफल आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में विकासखंड क्षेत्र के कक्षा 6वीं से 11वीं तक विज्ञान विषय का अध्यापन कराने वाले कुल 85 विज्ञान शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ विकासखंड शिक्षा अधिकारी मनोज गुप्ता एवं सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी नंदकुमार गुप्ता द्वारा मां सरस्वती की छायाप्रति पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी मनोज गुप्ता ने विज्ञान शिक्षकों को प्रशिक्षण को गंभीरता एवं रुचि के साथ ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने में विज्ञान शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर अनूप कुमार खलखो द्वारा VVM परीक्षा से संबंधित विभिन्न पहलुओं की क्रमबद्ध एवं विस्तृत जानकारी विज्ञान शिक्षकों को प्रदान की गई। उन्होंने VVM की अवधारणा,उद्देश्य,पंजीयन प्रक्रिया,परीक्षा का स्वरूप,अध्ययन सामग्री एवं विद्यार्थियों की तैयारी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

इस अवसर पर VVM जिला समन्वयक मुकेश यादव ने विज्ञान शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि VVM केवल एक परीक्षा नहीं,बल्कि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण,जिज्ञासा,तार्किक क्षमता एवं वैज्ञानिक सोच विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय स्तर का अभियान है। उन्होंने शिक्षकों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को VVM से जोड़ने,पंजीयन कराने तथा नियमित रूप से मॉक टेस्ट एवं अध्ययन के माध्यम से परीक्षा की तैयारी करवाने का आह्वान किया।

श्री यादव ने VVM परीक्षा के महत्व,पंजीयन प्रक्रिया, अध्ययन सामग्री,मॉक टेस्ट एवं परीक्षा की रणनीति के संबंध में भी शिक्षकों को विस्तार से जानकारी दी तथा सभी विज्ञान शिक्षकों से विद्यार्थियों को इस परीक्षा में सक्रिय रूप से सहभागी बनाने की अपील की। प्रशिक्षण के दौरान विज्ञान शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए VVM से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए बेहतर ढंग से तैयार करने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विकासखंड के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को VVM से जोड़ते हुए उनमें विज्ञान के प्रति रुचि, जिज्ञासा, तार्किक सोच एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण को विकसित करना रहा।

Share This Article