कुसमी। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड, खान प्रभाग सामरी से जुड़े ट्रक मालिकों का लंबित परिवहन भुगतान को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन सोमवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। आंदोलनरत ट्रक मालिकों के समर्थन में कांग्रेस के जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी धरना स्थल पर पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं। कांग्रेस नेताओं ने ट्रक मालिकों की मांगों को जायज बताते हुए आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव ने हिंडाल्को सामरी प्रबंधन से फोन पर चर्चा कर लंबित भुगतान शीघ्र कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से भुगतान नहीं मिलने के कारण ट्रक मालिक आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। वाहन की किस्त, डीजल, चालक-परिचालक का वेतन, रखरखाव, बीमा सहित परिवार की आवश्यकताओं का खर्च उठाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि यदि भुगतान शीघ्र नहीं किया गया तो ट्रक मालिक संघ के आगामी निर्णय के अनुसार कांग्रेस उनके साथ खड़ी रहेगी।
पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम ने कहा कि ट्रक मालिकों की समस्याओं से स्पष्ट है कि लंबे समय से भुगतान लंबित रहने के कारण उन्हें गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन और कंपनी प्रबंधन से चर्चा कर समय पर नियमित भुगतान सुनिश्चित कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रबंधन और ठेकेदार के बीच समन्वय की कमी का खामियाजा ट्रक मालिकों को नहीं भुगतना चाहिए।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुसमी अध्यक्ष हरीश मिश्रा ने कहा कि ट्रक मालिकों की मांग स्पष्ट है कि उन्हें परिवहन का भुगतान समय पर किया जाए। उन्होंने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पांच दिनों से आंदोलन चलने के बावजूद प्रशासनिक अधिकारियों का धरना स्थल पर पहुंचकर समस्याएं नहीं सुनना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस आंदोलन को और मजबूती से समर्थन देगी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कंपनी, ठेकेदार और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित भुगतान का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में ट्रक मालिकों को ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि मांगों का समाधान होने तक वह ट्रक मालिकों के साथ खड़ी रहेगी।
ये रहे मौजूद….
समर्थन कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष केपी सिंह देव, पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम, लघु वनोपज संघ जिला अध्यक्ष लाल साय मिंज, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष संस्कृति, जिला कोषाध्यक्ष सुनील गुप्ता, जिला महामंत्री विश्वजीत सिंह, जिला सचिव इंद्रदेव यादव, जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष राजू पैकरा, नगर अध्यक्ष कुसमी राजेंद्र प्रसाद भगत, ब्लॉक अध्यक्ष कुसमी हरीश मिश्रा, चांदो ब्लॉक अध्यक्ष अब्दुल्ला खान, राजपुर ब्लॉक अध्यक्ष नीरज तिवारी, बलरामपुर ब्लॉक अध्यक्ष समीर सिंह सहित विभिन्न ब्लॉक एवं मंडल पदाधिकारी, कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भुगतान के लिए पांचवें दिन भी धरने पर ट्रक मालिक,कांग्रेस ने दिया समर्थन